कौशाम्बी। आगामी त्यौहार मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आ रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी श्री राजेश कुमार एवं जिलाधिकारी कौशाम्बी श्री मधुसूदन हुल्गी ने कस्बा मंझनपुर में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पैदल मार्च किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों एवं संभ्रांत जनों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त किया तथा क्षेत्र में शांति और भाईचारे का संदेश दिया।
गश्त के दौरान आमजनमानस को यह संदेश भी दिया गया कि प्रशासन हर स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की अफवाह या अराजकता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी, क्षेत्राधिकारी मंझनपुर, उपजिलाधिकारी मंझनपुर सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे। अधिकारियों द्वारा मोहल्लों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।
प्रशासन की इस सक्रियता से स्थानीय लोगों में विश्वास और सुरक्षा की भावना और भी मजबूत हुई है। मोहर्रम जैसे महत्वपूर्ण पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने हेतु जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।